Saturday, November 30, 2013

एक कोशिश=

नफरत के पुजारी न तरफदार हैं हम सब।
"हाँ उन्स-ओ-मुहब्बत के परस्तार हैं हम सब"

दर-दर का भिखारी न समझना कभी हम को,
फितरत से हमेशा ही से खुद्दार हैं हम सब।

बिखरे हुए हैं फिर भी समझना नहीं कमज़ोर,
दुश्मन के लिए आहनी दीवार हैं हम सब।

तुम तन्हा नहीं हो फ़क़त इस जुर्म में शामिल,
ज़हरीली फिजाओं के गुनहगार हैं हम सब।

ऊँगली पे नचाता है ज़माने को वो ए "दिल"
कादिर है हर इक शै पे वो, लाचार हैं हम सब।
=दिलशेर "दिल"
एक कोशिश=

दे दे के थक गए हैं जवाबात किस क़दर।
करने लगे हैं आप सवालात किस क़दर।

वो चाहते यही थे हमेशा से दोस्तो,
तब ही तो बढ़ रहे हैं फसादात किस क़दर।

जो हमख्याल था मेरा, ग़मख्वार था बहुत,
उसके बदल गए हैं ख्यालात किस क़दर।

इक खुशनुमा सहर का है मुद्दत से इन्तिज़ार,
लम्बी है ग़मों से भरी ये रात किस क़दर।

अम्नो अमां के शहर में अफ़सोस है ए "दिल"
बरसा रहे हैं आग ये हालात किस क़दर।
=दिलशेर "दिल"

Friday, January 27, 2012

इश्क में दिल का ये हाल होता है।
उसके बिन जीना मुहाल होता है।
मेरे आंसू उसकी आँखों से निकलते हैं,
प्यार में ये भी कमाल होता है।

Wednesday, November 2, 2011

ghazal

जहाँ भी देखता हूँ बस, तेरे रुखसार के किस्से.
तेरे गुस्से की हैं बातें, तुम्हारे प्यार के किस्से.
अजब है रात का आलम, अजब सुब्हा का है मौसम,
गज़ब तेरी वो अँगड़ाई, गज़ब दीदार के किस्से.

Wednesday, March 23, 2011

हर तरफ बस तबाही का मंज़र दिखाई देता है।

पैरों तले ज़मीं नहीं, समंदर दिखाई देता है।

दिलशेर दिल

Tuesday, October 12, 2010

माँ मेरी मुझसे अक्सर ये कहती है

माँ मेरी मुझसे अक्सर ये कहती है

ख़ुशी दरवाज़े पर आकर दस्तक देती है

दादी बिस्तर पर बीमार पड़ी है,

चाची भी सिरहाने चुपचाप खड़ी है,

गोलू, मुन्नू, पप्पू भी अब शोर नहीं करते,

चाचा की छोटी बिटिया भी अब चुप रहती है,

फिर भी माँ मेरी मुझसे ये क्यों कहती है,

ख़ुशी दरवाज़े पर आकर दस्तक देती है।

दीदी तो माँ जैसी है उनकी की बातें करना क्या

छोटी की शादी हो गई, उसके संग भी रहना क्या,

जीजू के ज़ुल्मों को मझली चुपचाप सहे जाती,

पहले हस्ती रहती थी, अब गुमसुम रहती है,

फिर भी माँ मेरी मुझ से अक्सर ये कहती है,

ख़ुशी दरवाज़े पर आकर दस्तक देती है।

भैया के संग खेले थे, पल वो रीत गए,

इस घर के खुशियों वाले दिन भी बीत गए,

बापू की सूखी आँखों से एक नदिया बहती है,

फिर भी माँ मेरी मुझसे अक्सर ये कहती है,

ख़ुशी दरवाज़े पर आकर दस्तक देती है।

इस घर में रहकर बच्चे ने इतना तो अब सीख लिया,

सब का कहना कर डाला, पर मन का नहीं किया,

उसकी मम्मी की हालत अब मैं कैसे बतलाऊं,

पहले चिड़िया जैसी थी, अब सहमी रहती है।

माँ मेरी मुझसे अक्सर ये कहती है,

ख़ुशी दरवाज़े पर आकर दस्तक देती है

= दिलशेर "दिल" दतिया

Wednesday, May 12, 2010

- अशआर -
रौशनी में नहाकर चला हूँ।
मैं अंधेरों में हरदम जिया हूँ।
तुम्हे मालूम है? मेरा नाम क्या है?
मैं ताक में जलता हुआ एक दिया हूँ.